- केलनपुर-खामापड़वा-सिराली मार्ग
लोमेश कुमार गौर
हरदा । दो दिन पहले जिस मार्ग का भूमिपूजन टिमरनी विधायक ने सिराली के समीप किया था। रविवार को उसी मार्ग का भूमिपूजन हरदा विधायक ने केलनपुर में किया है। एक सड़क के दो भूमिपूजन वह भी एक ही दल के दो विधायकों द्वारा करना लोगों की समझ से परे है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार केलनपुर,खामापड़वा, डंगावाशंकर, घोंघडा होते हुए सिराली जाने वाले मार्ग का निर्माण कार्य प्रांरभ हो गया है। मार्ग की लंबाई करीब 16 किलोमीटर है जिसकी लागत 6 करोड़ 38 लाख के लगभग है। इस मार्ग का भूमिपूजन पिछले तीन दिन में दो बार हो चुका है। पहली बार भूमिपूजन कार्यक्रम 1 अप्रैल को सिराली में टिमरनी विधायक संजय शाह ने किया था। जबकि रविवार 4 अप्रैल को केलनपुर में विधायक कमल पटेल ने किया है। एक ही सड़क का दो बार भूमिपूजन वह भी एक ही दल के दोनो विधायकों द्वारा करना लोगों की समझ से परे हैं।
परेशानी से मिलेगी निजात
रविवार को हरदा विधायक कमल पटेल ने इस मार्ग का भूमिपूजन ग्राम केलनपुर में किया है। केलनपुर में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक श्री पटेल ने कहा कि मार्ग के निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को होने वाली परेशानियों से निजात मिलेगी। सिराली से लेकर केलनपुर के अलावा आसपास के अन्य ग्रामों के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि मार्ग निर्माण में बेहतर गुणवत्ता का ख्याल रखा जाएगा। मालूम हो की विधायक श्री पटेल ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 4 जनवरी 2008 के सिराली आगमन पर इस मार्ग के निर्माण की मांग रखी थी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उसी दौरान मार्ग के निर्माण की घोषणा की थी। 6 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस मार्ग की लंबाई 16 किलोमीटर होगी।
पुलिया भी बनेगी
श्री पटेल ने बताया कि मार्ग पर छोटी-छोटी पुलियाओं का निर्माण भी होगा। संबोधन में श्री पटेल ने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, सभी तरफ विकास ही विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान किसान के बेटे हैं, इसलिए किसानों के हित में उन्होंने कई योजनाएं संचालित की है। गेहूँ पर 100 रुपए का बोनस मुख्यमंत्री श्री चौहान के कारण किसानों को मिल रहा है। इस दौरान ग्रामीण मंडल अध्यक्ष नेकराम शर्मा, पूर्व जपं उपाध्यक्ष प्रवीण जैसानी, सरपंच सरोज चौरसिया, अनील राजपूत, विजय सरपंच, शेखर पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
3 दिन पहले किया था भूमिपूजन
टिमरनी विधायक संजय शाह ने भाजपा प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में तीन दिन पहले इसी मार्ग का भूमिपूजन किया था। इस दौरान उन्होंने जेसीबी मशीन की पूजन कर मिट्टी खुदाई कार्य भी करवाया था। श्री शाह ने कहा था कि विधानसभा क्षेत्र की सभी सड़कों का निर्माण गुणवत्ता युक्त होगा। इस संबध में चर्चा करने के लिए हरदा विधायक कमल पटेल से संपर्क करना चाहा, लेकिन मोबाईल पर बात नहीं हो सकी। इनका कहना है
केलनपुर सिराली मार्ग का भूमिपूजन तीन दिन पहले मैनें सिराली में किया था। रविवार को हुए भूमिपूजन के बारे में मुझे जानकारी नहीं हैं।
संजय शाह, टिमरनी विधायक।

No comments:
Post a Comment